The mukhbir, शहडोल। जिले की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक शहडोल को आवेदन देकर एक युवक पर धोखाधड़ी और छल-कपट के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया कि आरोपी ने जमीन विक्रय और कर्ज चुकाने के नाम पर उससे गाड़ी, नकद राशि और सोने के जेवर लेकर अब तक वापस नहीं किए हैं।

क्या है पूरा मामला
प्रार्थिया रजनी सिंह (31 वर्ष), पति विनोद कुमार सिंह, निवासी ग्राम धुर्वानजल, वार्ड क्रमांक 17, थाना बुढार, जिला शहडोल, ने अपने आवेदन में बताया कि आरोपी अभिषेक रस्तोगी, निवासी वार्ड क्रमांक 32, बलपुरा, शहडोल, ने वर्ष 2024 में जमीन संबंधी कार्यों के नाम पर उनका भरोसा जीतकर ₹1,25,000 नकद लिए और उनकी निजी गाड़ी महिंद्रा एक्सयूवी 300 (MP-18CA-5995) अपने पास रख ली।
महिला ने बताया कि आरोपी ने यह कहते हुए रकम और गाड़ी ली थी कि उसे अस्थायी रूप से कर्ज चुकाना है और वह जल्द ही सब कुछ लौटा देगा, लेकिन बाद में उसने फोन बंद कर लिया और संपर्क तोड़ लिया।

सोने के जेवर भी गिरवी रखे
रजनी सिंह ने आवेदन में आगे बताया कि आरोपी ने उनकी निजी सोने की ज्वेलरी, जिसकी बाजार कीमत लगभग ₹10 लाख है, को गिरवी रखकर करीब ₹6.28 लाख का लोन लिया। आरोपी ने न तो लोन चुकाया और न ही जेवर लौटाए।
महिला का कहना है कि आरोपी अब संपर्क से बाहर है और उसके मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहे हैं।
कानूनी कार्रवाई की मांग
महिला ने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया है कि आरोपी अभिषेक रस्तोगी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, उसकी गाड़ी और सोने के जेवर वापस दिलाए जाएं।
आवेदन में आरोपी और उसके परिवारजनों के मोबाइल नंबर भी शामिल किए गए हैं ताकि जांच में सुविधा हो सके।
महिला बोलीं… न्याय चाहिए
प्रार्थिया रजनी सिंह ने कहा, “मैंने आरोपी पर भरोसा करके अपनी गाड़ी और गहने दिए थे, लेकिन उसने मेरे विश्वास के साथ धोखा किया। अब मैं चाहती हूँ कि पुलिस मुझे न्याय दिलाए।”
स्रोत: प्रार्थिया द्वारा पुलिस अधीक्षक शहडोल को दिया गया लिखित आवेदन
रिपोर्टर: जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा





