पनपथा के सरैया टोला में दो बाघों की दस्तक से मचा हड़कंप

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

The mukhbir- उमरिया/ताला।
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व (BTR) से लगे पनपथा गांव के सरैया टोला में गुरुवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रहवासी क्षेत्र में एक नहीं बल्कि दो बाघों की आमद देखी गई। बाघों के बस्ती के करीब पहुंचते ही ग्रामीणों में डर और सन्नाटा पसर गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, शाम के वक्त बाघों ने गांव के ही गेन्दिया सिंह के एक मवेशी पर हमला कर शिकार किया। शिकार के दौरान दोनों बाघ खेतों से होते हुए सीधे टोले के किनारे तक पहुंच गए। बाघों को इतनी नज़दीक देख ग्रामीणों ने आपसी हिम्मत जुटाई और तेज़ आवाज़ें, बर्तन बजाकर किसी तरह बाघों को वापस जंगल की ओर खदेड़ा।

सूचना मिलते ही वन विभाग और बांधवगढ़ पार्क की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी। विभागीय टीम ने देर शाम तक क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग और निगरानी बनाए रखी, ताकि बाघों की गतिविधियों पर कड़ी नज़र रखी जा सके।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास के जंगलों में बाघों की गतिविधि बढ़ी है, जिससे लोगों में लगातार दहशत बनी हुई है। फिलहाल सरैया टोला में रात होते ही सन्नाटा और भय का माहौल व्याप्त है। गांव वाले अब भी इस आशंका से सहमे हैं कि कहीं बाघ दोबारा बस्ती का रुख न कर लें।

वन विभाग के अधिकारी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं और कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे ताकि बाघों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।

The mukhbir से कृष्णा उपाध्याय, उमरिया-ताला

Tv11 Live News
Author: Tv11 Live News

Toggle Dark Mode