
समस्याओ के समाधान की मांग पर तीन घंटे तक चला आंदोलन
The mukhbir- शहडोल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) शहडोल नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में चल रही अनियमितताओं और छात्र समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय गेट पर तालाबंदी कर तीन घंटे तक आंदोलन किया और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।
नगर मंत्री अमन त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने बताया कि परिषद ने छात्रों की प्रमुख समस्याओं को लेकर यह आंदोलन किया, जिनका शीघ्र समाधान आवश्यक है।
मुख्य मांगें और समस्याएं
ABVP ने अपने ज्ञापन में विश्वविद्यालय से संबंधित कई गंभीर मुद्दों को उठाया। इनमें प्रमुख रूप से यह मांगें शामिल हैं—
- UG प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम अगस्त में परीक्षा संपन्न होने के बाद भी अब तक जारी नहीं किए गए हैं, जिन्हें तत्काल घोषित किया जाए।
- खेल विभाग के लिए सामग्री और मैदान की मरम्मत हेतु राशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक कार्यवाही नहीं हुई है।
- पुरुष कबड्डी टीम को इंदौर प्रतियोगिता के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा ट्रैक सूट और यात्रा भत्ता (TA) नहीं दिया गया, जिसकी प्रतिपूर्ति की जाए।
- वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर अब तक जारी नहीं किया गया है, जिससे छात्रों को भविष्य की गतिविधियों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
- पर्याप्त प्राध्यापक होने के बावजूद नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो रहीं, विशेषकर कृषि विभाग में।
- BA प्रवेश फीस में 550 रुपये की वृद्धि बिना पूर्व सूचना के की गई, जिसे वापस लिया जाए।
- बस सेवा में अव्यवस्था — बसों की संख्या बढ़ाई जाए, रोडमैप और समय सारणी सार्वजनिक की जाए, तथा बस प्रभारी को बदला जाए।
- CCTV कैमरे, Wi-Fi, स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी और मेडिकल सुविधा जैसी आधारभूत सुविधाएं दोनों कैंपसों में तत्काल शुरू की जाएं।
- पुराने भवनों का रेनोवेशन और छात्रों के लिए उचित बैठने की व्यवस्था की जाए।
- CCE एवं प्रैक्टिकल की सूचना कम से कम तीन दिन पूर्व दी जाए।
- छात्रों के लिए डिजिटल ID कार्ड अनिवार्य किए जाएं ताकि असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रहे।
- वार्षिक उत्सव, बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजन, और इनडोर गेम्स की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
- पेयजल, कैंटीन, वॉशरूम, कम्प्यूटर लैब और रासायनिक सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
- परीक्षा परिणाम में पारदर्शिता के लिए RTI के तहत कॉपी दिखाने की व्यवस्था हो और परिणाम में *T/*I अंकन से छात्र को स्पष्ट जानकारी मिले।
- विश्वविद्यालय में स्किल सब्जेक्ट के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
- कैंपस में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाई जाए और परिसर प्रभारी को बदला जाए।
- विश्वविद्यालय कैंपस की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शीघ्र की जाए।
निधि पांडे की मांगें
विश्वविद्यालय मंत्री निधि पांडे ने कहा कि अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय की टीमों को पूरी खेल किट, कोच और टीम मैनेजर के साथ भेजा जाए। उन्होंने कहा कि छात्रों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिससे उनका शैक्षणिक और मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रहे उपस्थित
ज्ञापन और प्रदर्शन को सफल बनाने में विभाग संगठन मंत्री सावन सिंह, विभाग संयोजक अखिलेश सिंह, विभाग छात्रा प्रमुख अंजली पांडे, भूमिका, श्रेया, दिशा, आकाश, अर्पित, कशिश, ओम नारायण सोनी, आकाश साहू, अर्पित शुक्ला, अमन तिवारी सहित सैकड़ो कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शीघ्र कार्यवाही नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। संगठन ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के अधिकारों और सुविधाओं के लिए है, और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, संघर्ष जारी रहेगा।





